टीकमगढ़ में परंपरागत कृषि विकास योजना से जैविक खेती को मिल रहा बढ़ावा
-
रासायनिक खाद का विकल्प बन रही देशी गाय के गोबर और गौमूत्र से तैयार जैविक खाद
-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की किसान हितैषी मंशा एवं निर्देशों के अनुरूप किसानों की समस्याओं के समाधान और कृषि को लाभकारी बनाने के उद्देश्य से टीकमगढ़ जिले में परंपरागत कृषि विकास योजना के अंतर्गत जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री मनोज कश्यप के मार्गदर्शन में वरिष्ठ कृषि विकासखंड अधिकारियों के सहयोग से यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत पतंजलि ऑर्गेनिक रिसर्च इंस्टीट्यूट, हरिद्वार के समन्वय एवं पतंजलि किसान सेवा समिति मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र के राज्य प्रभारी श्री मुन्नीलाल यादव द्वारा चयनित ग्रामों में किसानों के खेतों पर पहुंचकर जैविक खेती का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
विशेष रूप से त्रिदेव गौ मानव सेवा समिति से जुड़े किसानों को रबी सीजन में गेहूं, सरसों, चना एवं सब्जियों की खेती के लिए बुवाई से पहले खेतों में जैविक खाद तैयार करने की सरल एवं कम लागत वाली विधि बताई जा रही है। इसमें देशी गाय का गोबर, गौमूत्र, गुड़, बेसन एवं बरगद के पेड़ के नीचे की मिट्टी का उपयोग कर जीवामृत एवं घनजीवामृत जैसे जैविक पोषक तत्व तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसका उद्देश्य किसानों को महंगी रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने, खेती की लागत घटाने तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।
श्री मुन्नीलाल यादव द्वारा किसानों के खेतों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है तथा उनसे नियमित संपर्क बनाकर जैविक खेती में आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत छोटे किसानों को न्यूनतम आधा एकड़ से लेकर बड़े किसानों को अधिकतम पांच एकड़ तक जैविक खेती के लिए पंजीकृत किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य केवल खेती की लागत कम करना ही नहीं, बल्कि किसानों को देशी गाय आधारित प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धति से जोड़कर स्वस्थ समाज और समृद्ध गांवों का निर्माण करना भी है।
श्री मुन्नीलाल यादव ने बताया कि किसान अपने खेतों में जैविक अनाज, दाल, चावल, सरसों एवं सब्जियों का उत्पादन कर स्वयं के परिवार को शुद्ध भोजन उपलब्ध करा सकते हैं। साथ ही देशी गाय का दूध, दही, घी और छाछ जैसे पौष्टिक उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जैविक उत्पादों को बाजार में उचित मूल्य दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे किसानों की आमदनी बढ़े और जैविक खेती उनके लिए लाभकारी एवं स्थायी विकल्प बन सके।
अभियान का संकल्प है — गौ पालन और जैविक खेती अपनाएंगे, गांव को स्वास्थ्य, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएंगे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
Tikamgarh, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026