मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शासकीय पीजी कॉलेज टीकमगढ़ में निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित
--
निर्वाचन आयोग मध्यप्रदेश, भोपाल की गाइडलाइन तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप प्लान) के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज शासकीय पीजी कॉलेज टीकमगढ़ में जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता एवं निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की सभी विधानसभाओं के प्रतिभागियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की आवश्यकता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति समझ विकसित करना, निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना तथा उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना है।
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
31 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026