#Balrampur ! 1752 बूथों पर चला मतदाता पंजीकरण अभियान, युवा व महिला मतदाताओं पर विशेष जोर...
#उतरौला समेत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे दिन भी विशेष अभियान • बीएलओ ने सुबह 10 से शाम 4 बजे तक प्राप्त किए आवेदन...
#बलरामपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत रविवार को जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के 1752 मतदेय स्थलों पर दूसरे दिन भी विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। अभियान में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा एवं महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर दिया गया।
अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित अभियान के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित बूथों पर मौजूद रहे। उन्होंने पात्र नागरिकों से नए पंजीकरण, संशोधन एवं अन्य संबंधित आवेदन प्राप्त किए और मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई।
उतरौला में कई बूथों का निरीक्षण
विधानसभा उतरौला में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रमवापुर के बूथ संख्या 327 व 328, बूथ संख्या 56, 57 व 58, बढ़हरा कोट के बूथ संख्या 52 व 53, प्राथमिक विद्यालय दतौली के बूथ संख्या 332, 333 व 334 तथा कम्पोजिट कन्या विद्यालय उतरौला के बूथ संख्या 80 से 84 तक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान बीएलओ की उपस्थिति, आलेख्य निर्वाचक नामावली की उपलब्धता, आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया और मतदाता पंजीकरण की व्यवस्थाओं की जांच की गई।
तीन तरह के आवेदन की सुविधा
17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची सभी बीएलओ के पास उपलब्ध रही। नागरिकों को सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने का मौका दिया गया। नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने या आपत्ति के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता व अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध कराया गया।
मतदाता संबंधी जानकारी, सहायता और शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी सक्रिय रखा गया।
प्रशासन ने पात्र नागरिकों से आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और नाम छूटने पर पंजीकरण कराने की अपील की है। खास तौर पर एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं से सूची में नाम शामिल कराने को कहा गया है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
#DMBalrampur #dmbalrampur