#Balrampur ! पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भड़के परिजन, शव दफनाने से किया इनकार; सड़क जाम की कोशिश...
#उतरौला, #बलरामपुर। बकरी के गेहूं खाने को लेकर हुए विवाद में अलमदार हुसैन की मौत के मामले में रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दूसरी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन शव सुपुर्द-ए-खाक करने से इनकार करते रहे। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताए जाने पर परिजन भड़क उठे और सड़क जाम करने की कोशिश की।
मोहल्ला गांधीनगर निवासी अलमदार हुसैन का शव रविवार शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन रविवार सुबह दी गई दूसरी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। एसडीएम योगेंद्र शरण शाह और सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर कायम रहे।
शाम करीब छह बजे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया। रिपोर्ट से नाराज परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने उन्हें रोक दिया।
प्रभारी निरीक्षक ने परिजनों को बताया कि पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है और डॉ. राजेश प्रसाद, डॉ. जितिन चौधरी तथा डॉ. अब्दुल रहमान के तीन सदस्यीय मेडिकल पैनल ने पोस्टमार्टम किया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट को लेकर संदेह होने पर उच्च स्तर से जांच कराई जा सकती है, लेकिन सड़क जाम करना उचित नहीं है।
खबर लिखे जाने तक शव को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए कब्रिस्तान में कब्र भी नहीं खोदी गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर एसडीएम, सीओ, प्रभारी निरीक्षक समेत कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
#balrampur