सूर्यपुरा में 20 लीटर देसी शराब बरामद, 1500 लीटर महुआ पास नष्ट
सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के बलिहार मुसहर टोली में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 लीटर देसी शराब बरामद की है। इस दौरान मौके पर करीब 1500 लीटर महुआ पास को नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब निर्माण और बिक्री की सूचना के आधार पर बलिहार मुसहर टोली में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 20 लीटर तैयार देसी शराब बरामद हुई, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 1500 लीटर महुआ पास मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। मामले में एक नामजद व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराब निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।