बिक्रमगंज के झोपड़ियां स्कूल में जलजमाव का एसडीएम ने किया निरीक्षण
बिक्रमगंज में लगातार बारिश के बाद बिक्रमगंज के कई इलाकों में जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। एसडीएम दिलीप कुमार ने उच्च विद्यालय (झोपड़ियां स्कूल) का निरीक्षण कर जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल परिसर के साथ आसपास के इलाकों में भी पानी जमा होने की स्थिति देखी।
एसडीएम ने मौके पर नगर कार्यपालक पदाधिकारी को जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने और जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलनिकासी को लेकर जरूरी कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मौजूदा स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से जलजमाव वाले इलाकों में जाने से बचने को कहा। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
एसडीएम ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।