बिक्रमगंज में 16 उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, एसडीएम ने कहा- शिक्षक राष्ट्र निर्माण के अहम स्तंभ
रोहतास जिले के बिक्रमगंज शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में अनुमंडल के सभी 8 प्रखंडों से दो-दो उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
एसडीएम दिलीप कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए सभी 16 शिक्षकों को अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के साथ उनमें ज्ञान, अनुशासन और संस्कार विकसित करने में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। एसडीएम ने सभी शिक्षकों से पूरी लगन, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में कार्यपालक दंडाधिकारी यूनिश सलीम, अवर निर्वाचन पदाधिकारी खुश्बू गुप्ता, कार्यपालक दंडाधिकारी अखिलेश्वर प्रसाद सहित कई अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।