राजद सांसद सुधाकर सिंह ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना,बोले- मोदी के चेलों के सरकार में "न महिलाएं सुरक्षित, न छात्र; बिहार में गुंडों का राज और भ्रष्टाचार चरम पर"
सूर्यपुरा पहुंचे बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने केंद्र और बिहार सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिलाओं और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार, बाढ़ और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सरकार से सवाल उठाए।
सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि मोदी के चेलों की सरकार में न महिलाएं सुरक्षित हैं और न छात्र-छात्राएं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में गुंडों की सरकार चल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार बहुत ज्यादा है। आए दिन हत्या, लूट और महिलाओं-बच्चियों के साथ अपराध हो रहे हैं, लेकिन सरकार इन्हें रोकने में नाकाम है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गुंडा ही सरकार में मंत्री होगा तो कौन क्या करेगा।
सांसद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सरकार के कई मंत्रियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कई मंत्री आपराधिक मामलों से जुड़े रहे हैं। सुधाकर सिंह ने कहा कि ऐसे मामलों की सही जांच होनी चाहिए और दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाए।
बिहार सरकार के एक मंत्री पर कथित पिटाई और होटल में महिला से छेड़छाड़ के आरोपों पर सांसद ने कहा कि पहले केस दर्ज हो, फिर सही जांच हो और दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाए।
बक्सर के डुमरांव में छात्रा से जुड़े मामले पर उन्होंने कहा कि दोषी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेजना चाहिए। इस मामले की जल्द सुनवाई हो और दोषी मिलने पर उम्रकैद की सजा दी जाए।
बाढ़ को लेकर सांसद ने कहा कि किसान बर्बाद हो गए हैं। सरकार नुकसान का पता लगाकर प्रभावित किसानों को मुआवजा दे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार का सिस्टम फेल हो गया है।
नीट पेपर लीक मामले में सांसद ने संजीव मुखिया को सीबीआई से क्लीनचिट मिलने का दावा करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर केस दर्ज हुए, जबकि आरोपी खुले घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में छात्रों के हक वाली नहीं, बल्कि बेईमानों की सरकार है।