शिक्षक दिवस पर 42 शिक्षक सम्मानित, मेधावी छात्राओं को भी मिली प्रोत्साहन राशि
सासाराम। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय, रोहतास स्थित डीआरडीए सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी रोहतास एवं उप विकास आयुक्त सुश्री आकांक्षा आनंद ने किया। इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 42 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला स्तरीय क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली शेरशाह सूरी उच्च विद्यालय, सासाराम की छात्रा अंजली कुमारी को 8 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त आवासीय विद्यालय, मोकर की प्रीति कुमारी को 6 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त कृति कुमारी को 4 हजार रुपये का चेक दिया गया। तीनों छात्राओं को बैग, मोमेंटो और प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
वहीं, मधुरम चैरिटेबल ट्रस्ट, सासाराम की ओर से रमा जैन बालिका विद्यालय की मैट्रिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दी गई। विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त प्रियांजली कुमारी को एक लाख रुपये, द्वितीय अंकिता कुमारी को 25 हजार रुपये और तृतीय प्रिया कुमारी को 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। वर्ष 2024 में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सलोनी कुमारी को भी 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, पूर्व आईएफएस संजय कुमार, मधुरम चैरिटेबल ट्रस्ट की चेयरमैन निशा कुमार समेत शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी मौजूद रहे। मंच संचालन शिक्षक मो. साकिर अली ने किया।