मल्लावां में बिजली फाल्ट ठीक कराने के लिए 50-50 रुपये की मांग का आरोप, 16 घंटे अंधेरे में रहे लोग!
“चार कनेक्शन हैं, 200 रुपये चाहिए तभी बनेगा” — लाइनमैन पर गंभीर आरोप, कैमरा ऑन होते ही ठीक हुआ फाल्ट
मल्लावां/हरदोई। मल्लावां क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को लेकर एक वीडियो ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में दावा किया जा रहा है कि बिजली फाल्ट ठीक करने के लिए लाइनमैन द्वारा उपभोक्ताओं से 50-50 रुपये की मांग की गई।
वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के मुताबिक, इलाके में करीब 16 घंटे से बिजली गुल थी। आरोप है कि लाइनमैन सलीम ने फाल्ट ठीक करने से पहले कहा कि आगे जितने कनेक्शन हैं, उनके घर जाकर लोगों को जगाया जाए और प्रत्येक कनेक्शन से 50 रुपये लिए जाएं।
आरोप लगाने वाले व्यक्ति के मुताबिक, मौके पर चार कनेक्शन थे और लाइनमैन ने 200 रुपये की मांग की। इस पर जब उन्होंने कहा कि “हमसे जो होगा वो कर सकते हैं, सबका थोड़ी ठेका लिया है”, तो आरोप है कि लाइनमैन वहां से जाने लगे।
इसके बाद व्यक्ति ने मोबाइल कैमरा ऑन कर दिया। दावा है कि कैमरा चालू होते ही लाइनमैन ने फाल्ट ठीक कर दिया और बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बिजली विभाग के कर्मचारी को फाल्ट ठीक करने के लिए उपभोक्ताओं से पैसे मांगने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या फाल्ट ठीक करने के लिए विभाग की ओर से कोई अलग व्यवस्था नहीं है? अगर पैसे लेना नियम में नहीं है तो ऐसे आरोपों पर विभाग क्या कार्रवाई करेगा?
वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। लाइनमैन सलीम और विद्युत विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग विद्युत विभाग के अधिकारियों से पूरे प्रकरण की जांच और स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं।