विकास के मंदिर में मवेशियों का डेरा, गोसवा डोगवा का पंचायत भवन बदहाल
सरकारी धन से बना भवन उपेक्षा का शिकार, कर्मचारियों की अनुपस्थिति का आरोप; गंदगी से ग्रामीण परेशान
संडीला/हरदोई। ग्राम पंचायत गोसवा डोगवा में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और पंचायत स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया पंचायत भवन इन दिनों बदहाली का शिकार है। भवन परिसर में मवेशियों के बांधे जाने और गंदगी की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। वहीं पंचायत भवन में संबंधित कर्मचारियों के नियमित रूप से उपस्थित न रहने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से तैयार किए गए पंचायत भवन का उद्देश्य गांव के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, प्रमाणपत्रों और अन्य पंचायत संबंधी सेवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराना था। लेकिन कर्मचारियों की कथित अनुपस्थिति के कारण ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए ब्लॉक कार्यालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत भवन परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। परिसर में मवेशी बांधे जाने और जगह-जगह गंदगी होने से भवन के उपयोग और रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पंचायत भवन की तत्काल साफ-सफाई कराने के साथ ही कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और भवन को उसके निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप संचालित कराने की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी निधि राठौर ने बताया कि मामले की मौके पर जांच कराई जाएगी। यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।