भाजपा विधायक के भतीजे पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग, सपा नेताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
हरदोई। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सवायजपुर के भाजपा विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू के भतीजे अजीत प्रताप सिंह उर्फ विवेक सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक के भतीजे अजीत प्रताप सिंह उर्फ विवेक सिंह ने सपा की जिला पंचायत सदस्य रजनी पाल के पति अजीत पाल, देवर मंजीत पाल और उनके ससुर जागेश्वर के घर पहुंचकर कई राउंड गोलियां चलाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी अजीत प्रताप सिंह द्वारा अजीत पाल के साथ दो बार मारपीट की जा चुकी है।
जितेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा विधायक के दबाव में अजीत प्रताप सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की, बल्कि पीड़ित पक्ष के जागेश्वर, अजीत पाल, मंजीत पाल समेत परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
सपा नेताओं ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अजीत प्रताप सिंह उर्फ विवेक सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
जितेंद्र वर्मा ने कहा कि यदि पुलिस भाजपा विधायक के भतीजे के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो समाजवादी पार्टी अगले चरण में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह स्वयं भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
उन्होंने भाजपा सरकार पर पीडीए समाज के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए समाज के खिलाफ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह पाल, हरिनाम यादव, फूलचंद्र वर्मा, अमित बाजपेयी, बिहारी लाल यादव, जितेंद्र वाल्मीक पचनू, सईद अहमद, परिवेश श्रीवास्तव कुक्कू, विजय बाबू बाजपेई, अवनीश यादव, पुनीत मिश्रा, जैनुल खान, गिरजाशंकर पाल, सुधीर गुप्ता मिन्ना, पंकज यादव, मनोज शुक्ला, शिवा यादव, अखिलेश शुक्ला, महावारी यादव, सागर यादव सहित बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।