विद्यालय में छात्रा की मौत का मामला: शिक्षक पर मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज
हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र के सहुआपुर गांव स्थित संविलियन प्राइमरी स्कूल में 13 वर्षीय छात्रा की मारपीट के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने स्कूल की दूसरी छात्रा के साथ शिक्षक पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को ग्राम सहुआपुर निवासी उमेश दीक्षित की 13 वर्षीय पुत्री क्षमा दीक्षित स्कूल में पेपर देने गई थी। वहां उसका दूसरी छात्रा से विवाद हो गया। छात्रा ने इसकी शिकायत अपने अध्यापक से की। आरोप है कि अध्यापक ने क्षमा के साथ भी मारपीट की।
घटना के संबंध में 23 अगस्त को क्षमा अपने पिता के साथ थाना पचदेवरा पहुंची और प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद 24 अगस्त को परिजन उसे उपचार के लिए फर्रुखाबाद के अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई। मृतका के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई फर्रुखाबाद जनपद में की गई।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दूसरी छात्रा के साथ-साथ स्कूल के अध्यापक ने भी क्षमा के साथ मारपीट की थी, जिसके चलते उसकी मौत हुई। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर गहनता से जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।