ग्राम महुआचाचर में सड़क बनी नाला, घुटनों तक कीचड़ और पानी; जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीण परेशान
टड़ियावां। ग्राम पंचायत फुकहा के मजरा ग्राम महुआचाचर में बारिश के बाद सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है। सड़क पर घुटनों तक कीचड़ और पानी भर जाने से रास्ता नाले में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों को इसी कीचड़ और गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। लगातार पानी और कीचड़ भरे रहने से सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि गांव की इस बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या जिम्मेदारों को आखिर नजर क्यों नहीं आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार समस्या सामने आने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने और सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को इस मुसीबत से राहत मिल सके।
#हरदोई #टड़ियावां #महुआचाचर #फुकहा #hardoi