ईवीएम की एफएलसी तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, पारदर्शिता और सुरक्षा के दिए निर्देश
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बुधवार को निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर ईवीएम मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एफएलसी के लिए चयनित किए गए हाल का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राजनैतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एफएलसी का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाए। एफएलसी हाल में अधिकृत व्यक्तियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए।
उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने और सभी संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी की जाएं तथा आयोग की गाइडलाइन के अनुसार एफएलसी की प्रक्रिया संपन्न कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी संडीला नारायणी भाटियां सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 16, 2026