सई नदी के तेज बहाव में बहे भाई-बहन, तलाश में जुटी पुलिस और ग्रामीण
हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा कन्जौरा में मंगलवार शाम सई नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गए दो मासूम भाई-बहन तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब चार बजे मखमूल की 11 वर्षीय बेटी इकरा और 10 वर्षीय बेटा लिब सई नदी के पुल के नीचे नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गए और नदी में बह गए। बच्चों के लापता होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी किनारे दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बावजूद देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। नदी किनारे परिजन बदहवास हालत में बच्चों के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे रहे।
हादसे की सूचना पर कासिमपुर थाना प्रभारी घनश्याम राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नदी में तेज बहाव के चलते बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया है। बताया जा रहा है कि लखनऊ से गोताखोरों के पहुंचने में समय लग सकता है।
पुलिस और ग्रामीण नदी के आसपास लगातार दोनों बच्चों की तलाश में जुटे हैं। मौके पर अतिरिक्त इंस्पेक्टर प्रेम पाल, ग्राम प्रधान छोटेलाल कश्यप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं।
Bilgram, Hardoi | Sep 16, 2026