राजकीय पॉलिटेक्निक में शुरू हुई प्रेरणा कैंटीन, 90 विद्यार्थियों को मिलेगा स्वच्छ व पौष्टिक भोजन
हरदोई। राजकीय पॉलिटेक्निक, हरदोई में बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने कैंटीन का उद्घाटन किया।
प्रेरणा कैंटीन का संचालन विकासखंड बावन की ग्राम पंचायत तत्यौरा द्वारा पतंजलि महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से किया जाएगा। कैंटीन के जरिए राजकीय पॉलिटेक्निक में अध्ययनरत 73 छात्र और 17 छात्राओं समेत कुल 90 विद्यार्थियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
कैंटीन के संचालन से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला सदस्यों को रोजगार का अवसर मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कैंटीन संचालकों को स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से इस तरह की गतिविधियां महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही “समूह से समृद्धि की ओर” की अवधारणा को धरातल पर साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार निशांत राय, राजकीय पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्य कविता त्रिपाठी, वार्डन अतुल कुमार श्रीवास्तव सहित संस्थान का स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 16, 2026