मल्लावां-संडीला मार्ग पर नहर में गिरे शिक्षक का शव बरामद, बंदर से टकराने के बाद बिगड़ा था बाइक का संतुलन
हरदोई। मल्लावां-संडीला मार्ग पर गोसवा नहर पुल के पास सोमवार सुबह हादसे में नहर में गिरे शिक्षक अवनीश कुमार का शव मंगलवार सुबह बरामद कर लिया गया। शिक्षक का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर से ही मिला।
मल्लावां थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव निवासी अवनीश कुमार कछौना ब्लॉक के पैरा कला स्थित विद्यालय में शिक्षक के पद पर तैनात थे। सोमवार सुबह वह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान गोसवा नहर पुल पर अचानक एक बंदर सामने आ गया। बाइक की बंदर से टक्कर होने के बाद शिक्षक का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत नहर में जा गिरे।
हादसे के बाद से शिक्षक की तलाश की जा रही थी। मंगलवार सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर में उनका शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवनीश कुमार के परिवार में उनके माता-पिता, पत्नी और करीब 6-7 माह की मासूम बच्ची है। शिक्षक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Bilgram, Hardoi | Sep 15, 2026