मौर्य नगर में मकड़जाल की तरह फैले बिजली के तार, हादसे की आशंका
जहानाबाद : शहर के मौर्य नगर मोहल्ले में बिजली के तारों का जाल स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। मोहल्ले में जगह-जगह बिजली के टोका फंसाकर लगाए गए तार मकड़जाल की तरह फैले हुए हैं। कई स्थानों पर तार काफी नीचे तक झूल रहे हैं। इससे मोहल्ले के लोगों को रास्ते से आने-जाने में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासी सोनू कुमार, अजीत कुमार, गुड्डू कुमार और विश्वनाथ प्रसाद ने बताया कि मोहल्ले में बिजली के तारों की स्थिति काफी खराब है। कई जगह तार एक-दूसरे के ऊपर से गुजर रहे हैं। कुछ तार जमीन से करीब पांच मीटर की ऊंचाई पर झूल रहे हैं। ऐसे में हवा चलने या किसी अन्य कारण से तार नीचे आने पर गंभीर हादसा हो सकता है।
लोगों का कहना है कि मोहल्ले में बच्चे भी खेलते हैं। तारों के इस तरह फैले रहने से अभिभावकों को हमेशा बच्चों की सुरक्षा की चिंता बनी रहती है। रास्ते से गुजरने वाले लोगों को भी ऊपर झूल रहे तारों को देखकर सावधानी बरतनी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से तारों को व्यवस्थित कराने और अवैध टोका कनेक्शन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, लंबे समय से इस समस्या की ओर विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। लोगों का आरोप है कि बिजली के तारों के इस मकड़जाल के कारण कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है।
इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले का निरीक्षण कर जर्जर और नीचे झूल रहे तारों को दुरुस्त कराने तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
#जहानाबाद #CrimeNews #jehanabad #सीएमओ #वीडियोवायरल #जहानाबादडीएम #parsabigha #डायल112 #जहानाबादलाइव #JahanabadLive