जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 30 सितंबर से, 28 तक पंजीयन
जहानाबाद : जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक किया जाएगा। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विद्यालयों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं विभिन्न खेलों में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के पंजीयन की अंतिम तिथि 28 सितंबर की शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है। संबंधित विद्यालयों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पात्र खिलाड़ियों का पंजीयन कराने का निर्देश दिया गया है।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, योग, शतरंज, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, भारोत्तोलन, ताइक्वांडो, कुश्ती और साइकिलिंग समेत विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन होगा।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालयों को खिलाड़ियों के पंजीयन के साथ खेल पोशाक और आवश्यक दस्तावेजों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रतियोगिता स्थलों पर खेल मैदान की तैयारी, साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है।
प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।