9,169 लीटर से अधिक जब्त शराब का किया गया विनष्टीकरण
जहानाबाद : अवैध शराब के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के आदेश पर शनिवार को मद्य निषेध विभाग और जिले के विभिन्न थानों द्वारा जब्त 9,169.740 लीटर देशी और विदेशी शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया।
मद्य निषेध कार्यालय परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी एवं अधीक्षक, मद्य निषेध के पर्यवेक्षण में शराब विनष्टीकरण की कार्रवाई पूरी की गई। इस दौरान मद्य निषेध विभाग के अवर निरीक्षक भी मौजूद रहे।
विभागीय जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग द्वारा जब्त 7,238.110 लीटर तथा पुलिस विभाग द्वारा जब्त 1,931.630 लीटर देशी-विदेशी शराब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मद्य निषेध कानून का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को नियमित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।