*पटना-गया रेलखंड पर हादसा टला, पैसेंजर ट्रेन के ओवरहेड में फंसी पेड़ की टहनी, घंटे भर बाधित रहा परिचालन*
मसौढी* पटना गया रेलखंड पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। पुनपुन घाट रेलवे स्टेशन के पास पैसेंजर ट्रेन के ओवरहेड तार में पेड़ की टहनी फंसने से करीब कई घंटों तक रेल परिचालन बाधित रहा। घटना दोपहर करीब 2.54 बजे की है। ट्रेन संख्या 63391 इसलामपुर पटना मेमू जो इसलामपुर से जटडुमरी होते हुए पटना की ओर जा रही थी। डाउन लाइन पर पुनपुन घाट के पास अचानक एक पेड़ की टहनी टूटकर ओवरहेड तार पर गिर गई और इंजन में फंस गई, जिससे ट्रेन वहीं रुक गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीती रात आई तेज आंधी-पानी के कारण पेड़ की डाल पहले से ही झुकी हुई थी। ट्रेन के गुजरने के दौरान वह टहनी ओवरहेड में फंस गई। सूचना मिलते ही पुनपुन जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद टहनी को हटाया। इस दौरान डाउन लाइन पर परिचालन बाधित रहा। कई ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं।लगभग घंटो बाद ओवरहेड को दुरुस्त कर परिचालन सामान्य किया गया। जीआरपी तरेगना रेल थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि एक पैसेंजर ट्रेन के इंजन के ऊपर पेड़ की टहनी गिर गई थी इस वजह से ट्रेन का परीचालन बाधित रहा है। टेक्नीशियन टीम आने के बाद इसे दुरुस्त करने मे जुटे रहे। ट्रेन का परिचालन बाधित रहने से यात्रियों के बीच घंटों फजीहत झेलनी पड़ी, यात्री परेशान रहे, वहीं पटना दनियावां रेलखंड में भी यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।