पंचायत विकास दिवस पर साइस्ताबाद पहुंचीं डीएम, महिलाओं को सम्मानजनक बैठने की व्यवस्था नहीं होने पर जताई नाराजगी
जहानाबाद : मोदनगंज प्रखंड की साइस्ताबाद पंचायत में रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को जमीन पर बैठाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने महिलाओं के लिए भी समान और सम्मानजनक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान सम्मान, अवसर और सुविधाएं मिलनी चाहिए। ग्रामसभा सहित सार्वजनिक कार्यक्रमों और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय एवं गरिमापूर्ण भागीदारी जरूरी है।
डीएम ने जीविका से जुड़ी महिलाओं की सफलता का उल्लेख करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा विकास गतिविधियों में आगे बढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से ग्रामसभा में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कहा कि गांव की विकास योजनाओं का चयन जाति या लिंग के आधार पर भेदभाव के बिना लोगों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में आठ टीबी मरीजों को पोषण किट और छह अति कुपोषित बच्चों को एसएएम फूड बास्केट वितरित किया गया। डीएम ने टीबी मरीजों को नियमित दवा लेने और उपचार बीच में नहीं छोड़ने की सलाह दी। वहीं महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया की जांच व रोकथाम पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। पंचायत के समग्र विकास के लिए पक्के आवास, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, खेल मैदान और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं को विकसित करने पर चर्चा की गई।