स्कूल-बाजार में ‘पुलिस दीदी’ की टीम कर रही पेट्रोलिंग
जहानाबाद : महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ‘पुलिस दीदी’ की टीम बाइक एवं स्कूटी से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग कर रही है। टीम द्वारा स्कूल, बाजार और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पेट्रोलिंग के दौरान छात्राओं और बच्चों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा एवं जागरूकता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। टीम महिलाओं और बच्चियों से उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ले रही है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं छात्राओं के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करना तथा किसी भी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को कम करना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती के साथ-साथ छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी दी जा रही है। ‘पुलिस दीदी’ की टीम को ऐसे स्थानों पर विशेष रूप से सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है, जहां छात्राओं और महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है।