शारदेय नवरात्र का भव्य शुभारंभ, जयकारों से गूंजा मैहर; भक्तों ने किए मां शारदा के दर्शन
सतना। शारदेय नवरात्र के शुभारंभ के साथ रविवार को मां शारदा की नगरी मैहर आस्था के महासागर में बदल गई। भोर की पहली किरण के साथ मंदिर के पट खुले तो पहाड़ी पर चढ़ते श्रद्धालुओं की कतारें, गूंजते जयकारे और चारों ओर भक्तिमय माहौल ने मैहर को अलौकिक स्वरूप दे दिया। पहले दिन करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन किए। सीढ़ी मार्ग, रोपवे और वैन से मंदिर पहुंचते भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विहंगम पहाड़ी दृश्य के बीच पूरा क्षेत्र ‘जय मां शारदा’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। विशाल भीड़ के बावजूद पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी से व्यवस्था सुचारू रही। एसएएफ की 4 कंपनियों समेत करीब 650 जवान तैनात रहे, जबकि 114 सीसीटीवी कैमरों और 2 ड्रोन से मेला क्षेत्र की निगरानी की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के बीच मैहर में नवरात्र का पहला दिन आस्था, उत्साह और भक्�