सूर्यपुरा पीएचसी में कमियां मिलने पर एसडीएम ने लगाई फटकार, एक सप्ताह में सुधार का निर्देश
सूर्यपुरा सीएचसी केंद्र का निरीक्षण के दौरान बिक्रमगंज अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में मिली कमियों पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बुधवार को निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवा की उपलब्धता, चिकित्सकीय व्यवस्था और विभिन्न कक्षों का जायजा लिया। इस दौरान कई कमियां सामने आईं। उन्होंने संबंधित कर्मियों को सभी व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मौजूद नहीं थे। इस संबंध में बताया गया कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी छुट्टी पर हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं और निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा ओपीडी नहीं करने पर आपत्ति जताई। इस दौरान कई कर्मी को ड्रेस कोड को लेकर फटकार लगाया।
एसडीएम ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को अधिकतम एक सप्ताह के अंदर सभी कमियां दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो दोबारा अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा। मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।