सूर्यपुरा के चार कार्यालयों में पहुंचे एसडीएम
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश, शिविर में पीएम आवास के सबसे अधिक आवेदन
रोहतास। बिक्रमगंज अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बुधवार को सूर्यपुरा प्रखंड एवं अंचल क्षेत्र के चार प्रमुख सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी के कार्यालयों का क्रमवार निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालयों में संचिकाओं एवं अभिलेखों के रखरखाव, लंबित मामलों, प्राप्त आवेदनों, जन शिकायतों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों से विभागवार कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबे समय से लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। लंबित मामलों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मियों की समय पर कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
एसडीएम ने प्रखंड कार्यालय परिसर में लगे शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्राप्त आवेदनों, लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और मामलों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि शिविर में सबसे अधिक आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए प्राप्त हुए हैं। एसडीएम ने आवेदनों की नियमानुसार जांच कर पात्र लाभुकों को योजना का लाभ देने और मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जन शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई कर शिकायतकर्ताओं को निर्धारित समय-सीमा में राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित तरीके से संधारित रखने पर भी जोर दिया।
एसडीएम ने विभिन्न विभागों से संचालित कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ निर्धारित पात्रता के आधार पर वास्तविक लाभुकों तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेह रहने तथा विभागीय कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाने का निर्देश दिया।