धारा-107 के नोटिस पर दोनों पक्षों ने एसडीएम के समक्ष लगाई हाजिरी।
बिक्रमगंज। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन की ओर से की गई निरोधात्मक कार्रवाई के तहत बुधवार को धारा-107 के नोटिस के आलोक में प्रथम एवं द्वितीय पक्ष के काफी संख्या में लोग अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने दोनों पक्षों की बातें गंभीरता से सुनीं और सभी संबंधित लोगों को शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा समेत आगामी सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाने हैं। एसडीएम ने उपस्थित लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या अशांति फैलाने वाली गतिविधि से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी विवाद की स्थिति में लोग कानून को अपने हाथ में न लें और तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को इसकी सूचना दें। अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। शांति भंग करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजनों से शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की।