राष्ट्रीय पोषण माह में पोषण और स्वच्छता का संदेश
काराकाट। पोषण अभियान के तहत 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के क्रम में बुधवार को गोड़ारी स्थित बाल विकास परियोजना केंद्र में कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सीडीपीओ रीता कुमारी, बीपीआरओ रेणुका कुमारी, चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार समेत आंगनबाड़ी सेविकाएं और अन्य कर्मी शामिल हुए। अधिकारियों ने बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी। आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन के सेवन पर विशेष जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को ताजा एवं गरम पका भोजन उपलब्ध कराने, सामुदायिक स्वामित्व और जवाबदेही बढ़ाने तथा बाल विकास में पोषण एवं प्रारंभिक उत्प्रेरण के महत्व के बारे में बताया गया। महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मातृ स्वास्थ्य के लिए मिलने वाले नकद लाभ की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और सोहर कार्यक्रम हुआ। महिलाओं और बच्चों के बीच फल एवं भोजन का वितरण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि कुपोषण से बचाव के लिए संतुलित आहार के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतें अपनाना जरूरी है।