भलूनी महोत्सव के लिए 10 लाख का आवंटन, विधायक ने हर साल आयोजन की मांग उठाई।
रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड स्थित भलूनी भवानी धाम में 14 नवंबर 2026 को प्रस्तावित भलूनी भवानी महोत्सव के आयोजन के लिए बिहार सरकार के पर्यटन निदेशालय ने 10 लाख रुपये का आवंटन स्वीकृत किया है। पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा ने 7 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है। जिला पदाधिकारी रोहतास की ओर से 11 सितंबर को भेजी गई मांग के आलोक में यह राशि स्वीकृत की गई है।
पर्यटन निदेशालय के आदेश के अनुसार आवंटित राशि का उपयोग महोत्सव के आयोजन से संबंधित विभिन्न कार्यों में किया जाएगा। राशि का किसी अन्य कार्य में उपयोग नहीं किया जा सकेगा। आयोजन के दौरान पर्यटन विभाग की निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करना होगा। साथ ही महोत्सव की उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्डिंग तैयार कर पर्यटन निदेशालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि कार्यक्रम का विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा सके।
इधर, दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने पर्यटन विभाग के मंत्री को पत्र भेजकर भलूनी धाम परिसर में प्रत्येक वर्ष भलूनी महोत्सव आयोजित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भलूनी धाम क्षेत्र का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह स्थल क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है।
विधायक ने महोत्सव के नियमित आयोजन के साथ प्रशासनिक अनुमति देने तथा विधि-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं के सहयोग से महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता होगी। पर्यटन विभाग द्वारा 10 लाख रुपये का आवंटन होने से इस वर्ष होने वाले महोत्सव की तैयारियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। Alok Singh