आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांग—2500 रुपये प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में किया जाए शामिल
संत कबीर नगर। खलीलाबाद में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार एवं जिलाधिकारी संत कबीर नगर के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि वर्तमान में घोषित 1500 रुपये मूल मानदेय के साथ बढ़ाई गई 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को भी मूल मानदेय में शामिल किया जाए, ताकि इसका भुगतान हर महीने नियमित रूप से सुनिश्चित हो सके।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूर्व से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान कई जनपदों में नियमित नहीं हो पा रहा है। कई जगह महीनों की राशि लंबित है, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इसके साथ ही पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से केंद्र संचालन के लिए लागू जीपीएस आधारित उपस्थिति व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या रहती है और कई बार मोबाइल रिचार्ज कराने में भी परेशानी होती है।
विभागीय बैठक, प्रशिक्षण, परियोजना कार्यालय और अन्य सरकारी कार्यों के लिए केंद्र से बाहर रहने पर भी जीपीएस व्यवस्था परेशानी का कारण बनती है।
इस अवसर पर पूनम देवी, अनुराधा, चंद्रा मौर्य, पुष्पा यादव, गीता देवी, कुमारी अंजू, प्रतिमा यादव, कमलेश देवी, विद्या आत्मा चौहान, बिना मौर्य, संगीता यादव सहित तमाम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।