सड़क किनारे अतिक्रमण पर चला यातायात पुलिस का अभियान
ठेले, अवैध वाहन स्टैंड और बेतरतीब पार्किंग हटवाई, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाते हुए वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।11 सितंबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अमित कुमार के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात श्री परमहंस के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने बिधियानी चौराहा, मेहदावल बाईपास से मुखलिसपुर तिराहा तक अभियान चलाया।अभियान के दौरान फुटपाथ एवं सड़क के किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, अनियमित वाहन पार्किंग तथा अवैध वाहन स्टैंड के कारण किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। पुलिस की कार्रवाई से सड़क पर आवागमन को सुचारु बनाने और राहगीरों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।इस दौरान यातायात पुलिस ने आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए बाइक पर तीन सवारी न बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की। साथ ही स्कूल वाहनों के संचालन में यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित प्रयोग के लिए प्रेरित करें।पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।