#Balrampur ! 1.966 किलो गांजा और 2.264 किलो भांग के साथ दो गिरफ्तार, चार पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज...
दो सिपाही निलंबित, दो उपनिरीक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू...
#बलरामपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नगर और देहात कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 1.966 किलोग्राम गांजा और 2.264 किलोग्राम भांग बरामद की है। वहीं, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने और सूचना तंत्र में लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है, जबकि दो उपनिरीक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली नगर पुलिस ने वीर विनय चौराहे के पास से बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के लालापुरवा निवासी संदीप शर्मा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 56 पैकेट में 356 ग्राम गांजा और 97 गोले में 2.264 किलोग्राम भांग बरामद हुई। वहीं, कोतवाली देहात पुलिस ने बेलहा मोड़ के पास से चरनगहिया बेलहा निवासी ननकऊ सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.610 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लापरवाही पर दो सिपाही निलंबित
मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के संबंध में अभिसूचना संकलन में विफल रहने और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने पर एसपी ने आरक्षी विनय प्रताप सिंह (कोतवाली नगर) और आरक्षी ज्ञानेन्द्र कुमार (कोतवाली देहात) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसके अलावा पूरबटोला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक किसलय मिश्रा और बेलहा मोड़ के हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक उदयभान सिंह के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए प्रारंभिक जांच संस्थित की गई है। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा है।
#Balrampurpolice #spbalrampur
Balrampur, Balrampur | Nov 2, 2026