राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने का निर्देश।
डीटीओ ने परिवहन विभाग के प्रवर्तन शाखा के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ की समीक्षा बैठक।
लखीसराय। गगन दीप की रिपोर्ट जिले में राजस्व संग्रहण में अपेक्षित प्रगति लाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) की अध्यक्षता में मंगलवार को परिवहन कार्यालय में प्रवर्तन शाखा के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन मंत्री एवं विभागीय सचिव से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान डीटीओ ने राजस्व संग्रहण से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित राजस्व लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने पर जोर दिया।
डीटीओ ने सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की जिम्मेदारी केवल राजस्व संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना भी विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने जनकल्याणकारी कार्यों में तेजी लाने तथा परिवहन सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जनहित, जवाबदेही और संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।