बांसनी में अवैध मिट्टी से भरे ट्रैक्टर को रोकने पर वनकर्मी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में कराया भर्ती
आरोपी सहित ट्रेक्टर को वन अमले ने किया जप्त, मौके पर पहुंचे जिला वनमंडल अधिकारी
दमोह। जिले के दमोह वन परिक्षेत्र अंतर्गत बांसा वन वृत्त के बांसनी गांव में मंगलवार रात रात्रि गश्त के दौरान वनकर्मी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। अवैध रूप से बलुआ मिट्टी का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर को रोकने पर चालक ने बीट गार्ड हर्ष राजपूत पर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया। घटना में घायल वनकर्मी को रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल बीट गार्ड हर्ष राजपूत ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि जंगल क्षेत्र से ईंट भट्ठे में उपयोग के लिए बलुआ मिट्टी का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर रोककर चालक दीपक अहिरवार से मिट्टी परिवहन के दस्तावेज और अनुमति संबंधी जानकारी मांगी। इसी दौरान चालक ने ट्रैक्टर आगे बढ़ाकर उन पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला वन मंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे ने अस्पताल पहुंचकर घायल कर्मचारी के उपचार की जानकारी ली और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वन विभाग ने ट्रैक्टर जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Damoh, Damoh | Nov 18, 2026