राजनीति में सहमति-असहमति के साथ मर्यादा भी जरूरी, आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन की सांसद राहुल सिंह ने निंदा कर दी चुनौती
परिवार के भयभीत होने का लगाया आरोप; प्रदर्शनकारियों पर पुलिस से की कार्रवाई की मांग
दमोह। सांसद राहुल सिंह के शासकीय आवास के बाहर बोते दिन कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन की राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे सहित भाजपा नेताओं ने कड़ी निंदा की है। सोमवार दोपहर 3 बजे मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद राहुल सिंह ने कहा कि राजनीति में सहमति और असहमति दोनों जरूरी हैं, लेकिन वैचारिक मतभेद के बीच सभी को एक-दूसरे की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान वे इमलिया घाट और महादेव घाट पर आयोजित बिरसा मुंडा जयंती समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना पूर्व सूचना उनके निवास के सामने प्रदर्शन कर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला दहन किया। उस समय उनकी मां, पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटी घर पर मौजूद थीं, जिन्हें असुविधा और भय का सामना करना पड़ा।
सांसद ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए प्रदर्शनकारियों को चिन्हित कर कार्रवाई की मांग की। वहीं राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की।
Rahul Singh Lodhi
Damoh, Damoh | Nov 17, 2026