जिला अस्पताल में गंभीर मरीज को डॉक्टर ने दी आईसीयू में भर्ती करने सलाह, नर्स ने बेड नहीं होने का दिया हवाला
रात भर परेशान होते रहे परिजन, बेड खाली होने पर भी किया जबलपुर रेफर, बेटे ने स्टाफ पर लगाए आरोप
दमोह। जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों को उपचार मिलने में आ रही परेशानियों का मामला सामने आया है। जिले के पटेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले महेवा निवासी 60 वर्षीय परसोत्तम पटेल की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें शनिवार रात जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वही रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे डॉ. मधुर जैन ने मरीज की गंभीर हालत और सांस लेने में परेशानी को देखते हुए आईसीयू में भर्ती करने की सलाह दी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि नर्सिंग स्टाफ ने बेड खाली नहीं होने का हवाला देकर भर्ती करने से मना कर दिया और जबलपुर रेफर करने की सलाह दी।
मरीज के बेटे प्रदीप पटेल ने आरोप लगाया कि आईसीयू में बेड खाली होने के बावजूद उनके पिता को भर्ती नहीं किया गया। वहीं, डॉ. मधुर जैन ने भी बताया कि उन्होंने मरीज को आईसीयू में भर्ती करने के लिए कहा था, लेकिन नर्स ने मना कर दिया। घटना से परेशान परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
Damoh, Damoh | Nov 17, 2026