जबलपुर से लौट रही कार सवार महिला से छेड़छाड़, विरोध पर पति और साथियों से की अभद्रता, खदेड़ने पर भागे आरोपी
तेजगढ़ से कर रहे थे पीछा, दंपति ने जबलपुर नाका चौकी में कराई शिकायत दर्ज
दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत आम चौपरा स्थित महाराजा पैलेस के पास कार सवार महिला से छेड़छाड़ और उसके साथ मौजूद लोगों से अभद्रता का मामला सामने आया है। दरअसल पीड़ित पति-पत्नी अपने दो सहयोगियों के साथ जबलपुर से दमोह लौट रहे थे। आरोप है कि तेजगढ़ से दमोह पासिंग स्विफ्ट कार में सवार लोगों ने उनका पीछा किया और आगे-पीछे वाहन लगाकर महिला के साथ छेड़छाड़ की।
इस दौरान कार में पीछे सो रहे दोनों सहयोगियों की नींद खुल गई। उन्होंने विरोध करते हुए आरोपियों का सामना किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के बाद रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 से 3 बजे पीड़ित जबलपुर नाका चौकी पहुंचे और आवेदन सौंपकर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद वे रवाना हो गए।
Damoh, Damoh | Nov 17, 2026