महाकाली चौराहा स्थित बेदरान मस्जिद के पास आधी रात फ्रिज में ब्लास्ट के बाद मकान में लगी भीषण आग
पुलिस ने जान जोखिम में डालकर बाहर निकाला गैस सिलेंडर, टला बड़ा हादसा
दमोह। शहर के महाकाली चौक के पास बेदरा मस्जिद इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे फ्रिज में ब्लास्ट के बाद एक मकान में भीषण आग लग गई। हादसे के समय ठाकुर परिवार गहरी नींद में सो रहा था। अचानक धमाके की आवाज सुनकर परिवार की महिला नीचे पहुंची तो किचन में फ्रिज से आग की लपटें उठ रही थीं। देखते ही देखते आग ने मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही नाइट गश्त कर रही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। सकरी गली होने के कारण दमकल वाहन का पहुंचना मुश्किल था। ऐसे में पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान डायल 112 के जवानों ने जान जोखिम में डालकर आग के बीच रखे एलपीजी गैस सिलेंडर को बाहर निकाला। इससे घनी बस्ती में बड़ा हादसा टल गया। आग में टीवी, पंखे सहित गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर हादसे घटना की जांच शुरू कर दी है।
Damoh, Damoh | Nov 18, 2026