मेडिकल नशे के इंटरस्टेट नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, 3 युवा गिरफ्तार
सतना। मेडिकल नशे के कारोबार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने एक्शन लेते हुए ऐसे नेटवर्क की कड़ी पकड़ी है, जिसके तार सतना से मुंबई और आजमगढ़ तक जुड़े मिले हैं। स्टेशन की ओर बैग में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप लेकर जा रहे मुंबई निवासी सूरज वर्मा (20) और आजमगढ़ निवासी शिवम राजभर (19) को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। दोनों के पास से 39 नग अनरेक्स कफ सिरप मिली। पूछताछ में सामने आया कि यह सिरप उन्होंने सतना के उदय सिंह उर्फ प्रिंस उर्फ कल्लू (19) से खरीदी थी। पुलिस ने सुराग के आधार पर बजरहा टोला में उदय को भी दबोच लिया, जिसके कब्जे से 22 नग सिरप बरामद हुई। तीनों से कुल 61 नग प्रतिबंधित कफ सिरप, कीमत 15,500 रुपए जब्त की गई। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहे इस कारोबार की पड़ताल अब सप्लाई के स्रोत तक पहुंचाने की कोशिश में पुलिस जुटी है।#मेडिकलनशेपरएक्शन #सतना #interstatedrugnetwork ##मेडिकलनशेपरएक्शन सतना InterStateDrugNetwork