स्थान: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), भागलपुर
दिनांक: 26 नवंबर 2026
*IIIT भागलपुर में ‘बिहार स्टार्टअप मार्केट कनेक्ट 2026’ का सफल आयोजन*
भागलपुर, 26 नवंबर 2026: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), भागलपुर के स्टार्टअप सेल द्वारा जिला उद्योग केंद्र (DIC) के सहयोग से तथा भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (BCE), भागलपुर के संयुक्त प्रयास से 26 नवंबर 2026 को संस्थान परिसर में ‘बिहार स्टार्टअप मार्केट कनेक्ट 2026’ का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं और युवा उद्यमियों को डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग, ई-कॉमर्स और अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुँचाने के तरीकों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, श्री राकेश कुमार एवं उद्योग विस्तार पदाधिकारी, श्री श्याम प्रकाश उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और जानकारी साझा की। श्री साहिल सुमन ने डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग और ग्राहकों तक पहुँच बनाने के तरीकों पर चर्चा की। स्विगी इंस्टामार्ट के विशेषज्ञों ने ई-कॉमर्स, ऑनलाइन बिक्री और मार्केटप्लेस से जुड़ने की प्रक्रिया के बारे में बताया। डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ श्री बप्पी कुमार गुप्ता ने ब्रांड बनाने, SEO, सोशल मीडिया और ऑनलाइन पहचान बढ़ाने के तरीकों पर जानकारी दी। इसके साथ ही ONDC और डिजिटल कॉमर्स के माध्यम से नए स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध अवसरों पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान स्क्वायर-कट रिसर्च एंड इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक श्री राकेश प्रियदर्शी ने अपनी स्टार्टअप यात्रा साझा की। उन्होंने अपनी In-situ Cricket Pitch Changer Technology के बारे में बताया और स्टार्टअप शुरू करने से लेकर उसे आगे बढ़ाने तक के अपने अनुभव साझा किए। वहीं, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, श्री राकेश कुमार ने बिहार सरकार की औद्योगिक नीतियों, MSME योजनाओं और नए उद्यमियों के लिए उपलब्ध सरकारी सहायता के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों और अतिथियों से बातचीत की तथा अपने स्टार्टअप से जुड़े सवाल पूछे। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम से भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने और आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जिला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
9 views | Bhagalpur, Bihar | Nov 26, 2026