*आत्मा भागलपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय मशरूम उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन प्रशिक्षण का सफल समापन, 142 प्रतिभागियों को मिला प्रमाण पत्र*
भागलपुर, दिनांक 27 नवंबर 2026।
कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), भागलपुर द्वारा जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 26 एवं 27 नवंबर, 2026 को आयोजित दो दिवसीय मशरूम उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन विषयक प्रशिक्षण सत्र का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस अवसर पर कुल 142 प्रशिक्षणार्थियों, जिनमें 69 महिलाएँ एवं 73 पुरुष शामिल थे, को प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
जिला कृषि पदाधिकारी, भागलपुर श्री प्रेमशंकर प्रसाद ने बताया कि बदलते जलवायु परिवेश एवं घटती कृषि जोत के दौर में मशरूम की खेती किसानों के लिए वरदान साबित हो सकती है। मशरूम उत्पादन एक इनडोर व्यवसाय है, जिसे घर के छोटे कमरे अथवा झोपड़ी में भी कम पूंजी के साथ शुरू किया जा सकता है। यह किसानों के लिए आय बढ़ाने एवं स्वरोजगार का एक बेहतर विकल्प है।
उप परियोजना निदेशक, आत्मा श्री प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि आत्मा का उद्देश्य किसानों के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं को कृषि आधारित स्वरोजगार से जोड़ना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मशरूम उत्पादन से ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा परिवारों को प्रोटीन एवं अन्य पोषक तत्वों की पूर्ति में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का व्यावहारिक उपयोग करने तथा मशरूम उत्पादन को आजीविका के बेहतर माध्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने आत्मा द्वारा संचालित कृषक हित समूह, महिला खाद्य सुरक्षा समूह एवं किसान पाठशाला जैसे कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं को मशरूम उत्पादन एक उद्यम के रूप में अपनाने तथा सामूहिक रूप से इस कार्य को आगे बढ़ाने से आर्थिक एवं सामाजिक उन्नति के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर आत्मा, भागलपुर द्वारा आगामी 02 एवं 03 दिसंबर, 2026 को आयोजित होने वाले उद्यमी किसान मेला की जानकारी भी दी गई। उक्त मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमी किसानों द्वारा अपने विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही, बिहार कौशल विकास मिशन के आर.पी.एल. (RPL) योजना के अंतर्गत मशरूम उत्पादक, जैविक उत्पादक एवं वर्मी कम्पोस्ट उत्पादक के लिए दस दिवसीय पाठ्यक्रम का संचालन भी आत्मा, भागलपुर द्वारा किया जा रहा है।
कृषि विज्ञान केंद्र, सबौर, भागलपुर की वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अनिता कुमारी ने प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रायोगिक रूप से ऑयस्टर मशरूम के बैग तैयार करने की विधि बताई। उन्होंने मशरूम बैग के रखरखाव, मशरूम बीज (स्पॉन) की गुणवत्ता की पहचान, कम्पोस्ट निर्माण, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा मशरूम के मूल्य संवर्धन (Value Addition) से संबंधित महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारी एवं सुझाव दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बटन मशरूम एवं श्वेत दुधिया मशरूम के उत्पादन की तकनीक, उत्पादों के लिए बाजार की उपलब्धता तथा पैकेजिंग के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के समापन सत्र में सुश्री प्रिया कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, आत्मा; श्रीमती स्वर्णसंध्या भारती, श्रीमती शीला देवी एवं श्रीमती प्रिया कुमारी, साधनसेवी मशरूम उद्यमी प्रशिक्षक; श्री राजीव लोचन, श्रीमती निक्की श्वेता, सुश्री क्यूरी कुमारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक; श्रीमती रविशीला कुमारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक; तथा श्री निहारकांत झा, श्री पंकज कुमार, श्री मुकेश कुमार, श्री बंधन कुमार, श्री राकेश कुमार ठाकुर, लेखापाल एवं श्री राज कुमार गंडल सहित अन्य उपस्थित रहे।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Agriculture, Government of Bihar