*मुंगेर–मिर्जाचौकी फोरलेन एवं मोकामा–मुंगेर सड़क परियोजना की आयुक्त ने की समीक्षा, निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश*
भागलपुर, दिनांक 26 नवंबर 2026। प्रमंडलीय आयुक्त, मुंगेर-सह-भागलपुर, श्री प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में आज अपराह्न 4:30 बजे मुंगेर–मिर्जाचौकी फोरलेन सड़क परियोजना एवं मोकामा–मुंगेर सड़क परियोजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आयुक्त के सचिव, भागलपुर प्रमंडल, श्री विनोद कुमार सिंह, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी, भागलपुर प्रमंडल, श्री अनिल राय, उप विकास आयुक्त, भागलपुर, श्री रवि राकेश, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), भागलपुर, श्री राकेश रंजन, परियोजना निदेशक NHAI तथा एनटीपीसी कहलगांव के उप महाप्रबंधक उपस्थित थे।
*वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी मुंगेर, जिलाधिकारी लखीसराय, जिलाधिकारी शेखपुरा उपस्थित* थे।
बैठक में दोनों सड़क परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्य की प्रगति, लंबित कार्य, भूमि अधिग्रहण से संबंधित समस्याओं तथा परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने पैकेज-01, पैकेज-02 एवं पैकेज-04 का कार्य 31 दिसंबर 2026 से तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं, पैकेज-03 के कार्य को पूर्ण करने हेतु स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया गया।
मुंगेर-लखीसराय क्षेत्र में सड़क परियोजना के तहत लगभग 54 किलोमीटर के प्रोजेक्ट से संबंधित भूमि एवं निर्माण कार्य की समीक्षा के क्रम में बड़हिया के इंग्लिश क्षेत्र में लगभग 8 किलोमीटर तथा मुंगेर सीमा के निकट मसूदन क्षेत्र में लगभग 12 किलोमीटर, कुल 20 किलोमीटर सरकारी भूमि उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। आयुक्त ने उक्त भूमि पर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने संबंधित रैयतों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भुगतान की प्रक्रिया में आवश्यक भूमि स्वामित्व प्रमाण एवं एलपीसी (भूमि कब्जा प्रमाणपत्र) से संबंधित कार्यवाही अंचल अधिकारी के माध्यम से तेजी से पूरी की जाए तथा एलपीसी एवं संबंधित प्रस्ताव प्राप्त होते ही मुआवजा भुगतान कर कार्य प्रारंभ कराया जाए।
शेखपुरा जिले के अंतर्गत बकाश्त भूमि से संबंधित 28 रैयतों का मामला सामने आया, जिनमें अधिकांश के भूमि संबंधी दस्तावेज अधूरे हैं। इस पर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को रैयतों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक दस्तावेज शीघ्र प्राप्त करने तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि राजस्व कर्मियों की हड़ताल अथवा अन्य कारणों से भूमि जांच, मापी एवं एलपीसी निर्गत करने की प्रक्रिया बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक अमीन एवं अन्य सक्षम कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाए तथा भूमि की जांच एवं मापी कराकर एलपीसी निर्गत करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ भूमि संबंधी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए सड़क परियोजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उपनिदेशक जनसंपर्क,
भागलपुर प्रमंडल भागलपुर।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
3 views | Bhagalpur, Bihar | Nov 26, 2026