*बाल विवाह के खिलाफ भागलपुर में व्यापक जागरूकता अभियान, प्रभात फेरी, सखी वार्ता एवं कैंडल मार्च के माध्यम से दिया बाल विवाह मुक्त समाज का संदेश*
विद्यालयों में प्रभात फेरी एवं शपथ ग्रहण, 11 गांवों में कैंडल मार्च; ग्रामीणों ने बाल विवाह रोकने और प्रशासन को सूचना देने पर जताई सहमति।
भागलपुर, 27 नवंबर 2026। बाल विवाह उन्मूलन को लेकर महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर तथा मुक्ति निकेतन एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में जगदीशपुर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विद्यालयों में प्रभात फेरी, सखी वार्ता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं 11 गांवों में कैंडल मार्च निकालकर बाल विवाह के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत लोकनाथ उच्च विद्यालय, जगदीशपुर; मध्य विद्यालय, जगदीशपुर; प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, जगदीशपुर तथा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, महमदपुर में प्रभात फेरी एवं सखी वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रभात फेरी निकालकर बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता संदेश दिया। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई।
सखी वार्ता के दौरान बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बताया गया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वतंत्रता एवं उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करता है। कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है तथा उनके शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास के अवसर भी सीमित हो जाते हैं। उपस्थित लोगों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह को रोकने के लिए सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त कस्तूरबा विद्यालय, जगदीशपुर में भी बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के तहत कनेरी, चांदपुर, टगेपुर, महमूदपुर, फुलवरिया, बैजनी, पिस्ता, जमनी, मकससपुर, तिलपुरिया एवं खिरीबांध गांवों में कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च के दौरान ग्रामीणों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक करते हुए उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने और न ही अपने आसपास होने देने की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने भी इस अभियान में भागीदारी निभाते हुए बाल विवाह मुक्त गांव एवं समाज बनाने के संकल्प के प्रति अपनी सहमति जताई।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर किसी भी व्यक्ति को चुप नहीं रहना चाहिए। इसकी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचानी चाहिए। इसके लिए ग्रामीण अपने पंचायत स्तर पर संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों, प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों तथा जिला स्तर पर संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों को सूचना दे सकते हैं। इसके अतिरिक्त चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं अन्य संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है, ताकि समय रहते बाल विवाह को रोका जा सके। ग्रामीणों ने बाल विवाह की किसी भी संभावित घटना की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने तथा इसकी रोकथाम में सहयोग करने पर व्यापक सहमति व्यक्त की।
आमजन को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि बच्चों के संरक्षण एवं बाल विवाह की आशंका की सूचना देने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने के लिए महिला हेल्पलाइन 181 तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है। लोगों से अपील की गई कि इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर जरूरतमंद बच्चों एवं महिलाओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
इस संयुक्त अभियान में महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर के जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री मनीष शंकर, जिला मिशन समन्वयक श्री तबरेज खान, जेंडर स्पेशलिस्ट श्री विवेक कुमार एवं फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट श्री अभिषेक सुमन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं मुक्ति निकेतन, भागलपुर की ओर से जिला समन्वयक श्री कृष्ण कुमार मंडल, प्रखंड समन्वयक श्री नवल किशोर मंडल एवं श्री शशि मेहता, सीएसडब्ल्यू (CSW) श्री बिपिन कुमार, श्री दीपक सिंह, श्री सोमेश कुमार, सुश्री हेमा कुमारी, सुश्री बिनीता झा एवं सुश्री स्वीटी प्रिया ने कार्यक्रम के सफल संचालन एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। बालिकाओं को शिक्षा, समान अवसर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति अपने गांव, पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों को बाल विवाह मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए तथा बाल विवाह की किसी भी संभावित घटना की सूचना बिना विलंब संबंधित प्रशासन को दे।
महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर एवं मुक्ति निकेतन एनजीओ की यह संयुक्त पहल बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण, बच्चों के अधिकारों की रक्षा तथा ग्रामीण समुदाय में जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रही।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Icds Bihar