जमुई जिले के चंद्रमंडीह इलाके में मजदूरों पर दबाव बनाकर जबरण गवाही दिलाने का लगाया आरोप
चंद्रमंडीह थाना कांड संख्या 191/26 में जबरण गवाही देने का दबाव बनाने मामले में पीड़ित तीन मजदूर सहयोगियों के साथ शनिवार की दोपहर बाद 3:00 बजे समाहरणालय पहुंचे, जहां एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाते हुए घटना कि निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किए जाने की मांग करते हुए सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।
एसपी को दिए आवेदन में बिचकोड़बा थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी मजदूर महेश मुर्मू, शिबलाल मुर्मू और भूतु टुडु ने कहा है कि वे उक्त कांड के किसी भी आरोपित को व्यक्तिगत रूप से नहीं पहचानते हैं। उनका दावा है कि घटना के संबंध में न तो उनके साथ किसी प्रकार की मारपीट हुई है और न ही वे घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं।
आवेदन में मजदूरों ने आरोप लगाया है कि कांड के आवेदक रमेश कुमार द्वारा उन पर दबाव बनाया जा रहा है। कथित तौर पर उन्हें कहा जा रहा है कि आवेदन में जिन आरोपितों के नाम दर्ज हैं, उनके नाम मजदूरों को अपनी गवाही में बताने होंगे। ऐसा नहीं करने पर उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं की जाएगी। मजदूरों ने कहा कि वे गरीब श्रमिक हैं और किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते हैं। उनका कहना है कि वे केवल अपनी मेहनत की मजदूरी प्राप्त करना चाहते हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दबाव बनाकर झूठी अथवा मनगढ़ंत गवाही दिलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में यह भी आग्रह किया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर मजदूरों का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष बयान पुलिस के समक्ष दर्ज कराया जाए, ताकि मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। #Crime #jamuijila #jamuitopnews #viral #viralpost #jamuinews #jamuiPolice #spjamui #sdpojamui
Jamui, Jamui | Sep 12, 2026