नवनिर्मित ख़ैरा पंचायत भवन में आई दरार मामले में मंत्री ने किया निरीक्षण, कहा- हैंडओवर से पूरे बिहार में भवनों की होगी जांच
जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत खैरा पंचायत के नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन में दरारें और प्लास्टर टूटने की शिकायत के बाद शुक्रवार की दोपहर बाद 3:00 बजे बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश निरीक्षण करने पहुंचे, जहां मंत्री ने हॉल, कमरे, लाइब्रेरी, छत समेत अन्य हिस्सों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर कई निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि भवन में कई जगह रिपेयरिंग के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। दरार चाहे छोटी हो या बड़ी, वह खतरनाक हो सकती है। इसे ठीक कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण भूकंपरोधी तकनीक से किया गया है। जाली नहीं लगाने के कारण कुछ जगहों पर समस्या सामने आने की बात बताई गई है। उन्होंने कहा कि अब पूरे बिहार में जिन पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है और जिन्हें हैंडओवर किया जाना है, उनकी पहले पूरी तरह जांच की जाएगी। जांच में संतुष्ट होने के बाद ही भवनों का हैंडओवर किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छत की ढलाई के बाद प्लास्टर के काम में भी कमी बताई। कई जगह प्लास्टर टूटे मिले। उन्होंने इसे दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। लाइब्रेरी रूम में लगे बिजली के बोर्ड को भी ठीक कराने को कहा। मंत्री ने कहा कि खुले और खराब स्थिति में लगा बिजली बोर्ड किसी के लिए खतरा बन सकता है।
मंत्री ने भवन परिसर में पौधारोपण किया। इसके बाद खैरा पंचायत के वार्ड संख्या 11 का भी निरीक्षण किया। मौके पर पंचायती राज पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
गौरतलब है कि करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से बने पंचायत सरकार भवन के हस्तांतरण के समय दीवारों में कई जगह दरारें, टूटे प्लास्टर और क्षतिग्रस्त हिस्से सामने आए थे। इसे लेकर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि ने भी सवाल उठाए थे। मंत्री के निरीक्षण से पहले भवन में रंग-रोगन कर उसे चमका दिया गया था। इसके बाद शुक्रवार को मंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता और कमियों की जांच की। #jamui #jamuitopnews #poltics #political #NDA #viral #mantriji
Jamui, Jamui | Sep 11, 2026