जमुई: 152 में 69 पंचायत सरकार भवन बनकर हुआ तैयार, 98% सोलर स्ट्रीट लाइट का काम पूरा
बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश शनिवार को पहली बार जमुई पहुंचे। सुबह 10:00 बजे जिला परिषद सभागार में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पंचायती राज विभाग के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और उनकी प्रगति की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंचायतों को सशक्त बनाकर ग्रामीण स्तर पर ही लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मंत्री ने बताया कि जमुई जिले के 152 पंचायतों में 69 पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 69 भवन निर्माणाधीन हैं। इनमें 40 भवनों का लोकार्पण हो चुका है और 60 भवन क्रियाशील हैं। वहीं, 14 मामले न्यायालय समेत अन्य स्तर पर लंबित हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले में कुल 20,960 लाइट लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें 20,436 लाइट यानी करीब 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष 524 लाइट में कार्य एजेंसी को अभिदत्त अधिष्ठापन पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले के लिए 152 का लक्ष्य निर्धारित है। इसमें 10 मामलों को तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि 41 मामले विभाग को स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं। शेष 101 के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है।
मंत्री ने मोक्षधाम योजना की भी जानकारी दी। जिले में 266 स्थलों का सर्वेक्षण किया गया है, जिनमें 41 का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इनमें 37 का निर्माण जिला परिषद द्वारा कराया गया है, जबकि 34 स्थलों पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।
वहीं सहयोग पोर्टल पर कुल 398 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 375 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 18 आवेदन अस्वीकृत और पांच आवेदन लंबित हैं।
जिला परिषद की आय के संबंध में मंत्री ने बताया कि जिले में 194 दुकानें हैं और छह बंदोबस्त सैरातें हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दुकानों एवं सैरात से करीब 1.30 करोड़ रुपये, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक करीब 1.60 करोड़ रुपये की आय हुई है।
उन्होंने कहा कि पंचायतों में योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग और पारदर्शिता सरकार की प्राथमिकता है। पंचायत स्तर पर सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग लगातार काम कर रहा है। #RLSP #poltics #political #mantriji #jamuitopnews #viralpost
Jamui, Jamui | Sep 12, 2026