नेशनल लोक अदालत के प्रचार वाहन को प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया
====
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर प्रधान जिला न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला सुभाष सोलंकी विधिक सेवा प्राधिकरण के कुशल मार्गदर्शन में जिला दमोह एवं तहसील न्यायालय हटा, पथरिया एव तेंदूखेड़ा में 12 सितंबर 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों के साथ ही विद्युत चोरी एवं नगरपालिका के जलकर, सम्पत्ति कर के प्रि-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण पक्षकारों की आपसी सहमति के आधार पर किया जावेगा।
उक्त नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु नगरपालिका एवं विद्युत विभाग के समन्वय से प्रचार-प्रसार वाहन को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी द्वारा न्यायालय परिसर से हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुभाष सोलंकी द्वारा बताया गया कि उक्त नेशनल लोक अदालत का प्रचार-प्रसार आमजन तक पहुंचाये जाने हेतु न्यायालय परिसर से शहर के मुख्य स्थानों अस्पताल चौराहा, घण्टाघर, बस स्टेण्ड, तीन गुल्ली, सागर नाका, स्टेशन चौराहा, रेल्वे स्टेशन आदि स्थानो पर वाहन द्वारा बैनर व जिंगल के माध्यम से प्रचार किया जायेगा। साथ ही नगरपालिका एवं विद्युत विभाग द्वारा प्रकरणों के संबध में दी जाने वाली छूट के लिए सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग्स लगवाये जाकर आमजनता के बीच में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है जिससे जनसमुदाय अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सके।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुभाष सोलंकी द्वारा अधिवक्ता संघ और न्यायाधीशगण से अपील की गई कि लोक अदालत को उत्सव के रूप में मनाते हुए आगामी नेशनल लोक अदालत 12 सितम्बर 2026 के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कराया जाये जिससे कि पक्षकारों के बीच विवाद का पारस्परिक सहमति से निराकरण होगा और मुकदमेबाजी व विवाद अंतिम रूप से समाप्त होंगे। अध्यक्ष अधिवक्ता संघ दमोह मुकेश पाण्डे ने नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु अधिवक्तागण का अपेक्षित एवं सकारात्मक सहयोग प्रदान किये जाने की बात कही है।
19 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 2, 2026