सभी मिलकर निभाएं नैतिक जिम्मेदारी, पूर्व में विद्युत विभाग की बैठक के बेहतर परिणाम आये - विधायक श्री मलैया
==
शहर के विकास कार्यों को मिलेगी गति, हर कार्य की तय हुई समय-सीमा - कलेक्टर श्री यादव
==
स्वच्छता, पेयजल, कचरा प्रबंधन और विकास कार्यों की विधायक मलैया की अध्यक्षता में हुई समीक्षा
==
नगरपालिका बैठक में शहर के विकास पर मंथन
===
दिए गए अहम् दिशा- निर्देश, हर कार्य की हुई समय-सीमा तय
===
नगरपालिका से संबंधित विभिन्न विषयों पर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं में विस्तार तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदमों और प्रभावी नियम-कायदों पर विचार-विमर्श हुआ।
विधायक जयंत मलैया ने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। नगरपालिका के कार्यों को लेकर सभी संबंधितों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा पूर्व में विद्युत मंडल की बैठक के भी बेहतर परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने कहा यह नैतिक जिम्मेदारी का विषय है। भले ही इसके लिए कोई कानूनी बाध्यता न हो, लेकिन नगरपालिका अधिकारियों, नेता प्रतिपक्ष और उपाध्यक्ष द्वारा हस्ताक्षर कर जिम्मेदारी लेना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा शहर के विकास के लिए जो कार्य एक व्यक्ति नहीं कर सकता, उसे दूसरा और दूसरा नहीं कर सकता तो तीसरा व्यक्ति आगे बढ़कर पूरा कर सकता है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी रोजमर्रा की आवश्यकताओं और समस्याओं का तत्परता, शीघ्रता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना जिला प्रशासन का प्रमुख प्रयास है। शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार, पेयजल एवं कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने तथा विकास कार्यों को पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के उद्देश्य से विधायक जयंत मलैया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि बैठक में शहर से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ऐसे कार्य जो लंबित हैं, जिनके टेंडर होना हैं अथवा हो चुके हैं, जिनमें कार्य प्रारंभ किया जाना है तथा जिन कार्यों का लोकार्पण किया जाना है, सभी की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा इन कार्यों को गति देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाएगा, ताकि आमजन को शीघ्र उनका लाभ मिल सके।
2022 से लंबित कार्यों को भी पूरा करने की तय हुई समय-सीमा
कलेक्टर ने कहा शहर में कई ऐसे विकास कार्य हैं जो वर्ष 2022 से लंबित हैं। इन कार्यों के लिए राशि उपलब्ध हो चुकी थी, लेकिन कुछ कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं और कुछ कार्य प्रारंभ होने के बावजूद अभी तक पूर्ण अथवा लोकार्पित नहीं हुए हैं। बैठक में प्रत्येक कार्य के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण कर उन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा, ताकि जिन उद्देश्यों को लेकर शासन द्वारा कार्य स्वीकृत किए गए और राशि उपलब्ध कराई गई थी, वे उद्देश्य पूरे हो सकें तथा शहरवासियों को वास्तविक लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा हर कार्य की समीक्षा कर उसकी समय-सीमा तय की गई है। संबंधित विभागों को निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करना होगा। यदि कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो उसकी जानकारी समय पर दी जाए, ताकि समस्या का निराकरण करते हुए कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।
जरूरत पड़ने पर विधायक निधि से भी मिलेगा सहयोग
बैठक में विधायक जयंत मलैया ने भी शहर के विकास कार्यों के लिए विशेष परिस्थितियों में आवश्यकता पड़ने पर अपनी विधायक निधि से सहयोग देने की बात कही है। यदि किसी कार्य के लिए भोपाल स्तर से राशि की आवश्यकता होगी तो उसके लिए भी प्रयास कर आवश्यक फंड उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। इससे शहरवासियों को यह महसूस हो कि विकास कार्यों में शासन और प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है।
जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार होगी विकास कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने कहा आगामी समय में भी विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार की बैठकें लगातार आयोजित की जाएंगी। आज लिए गए निर्णयों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और कार्यों की प्रगति की समीक्षा होती रहेगी। उन्होंने कहा सभी का प्रयास है कि शहरवासियों की समस्याओं का निराकरण हो, उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें और दमोह शहर स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर के रूप में आगे बढ़े।
#damoh #CMMadhyaPradesh #Damoh