Public App Logo
Profile Picture

Jansampark Damoh

@projsdamoh
3012Followers
0Following
आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने ‘कॉल कारीगर’ ऐप का करें व्यापक प्रचार-प्रसार : कलेक्टर श्री यादव
==
कुशल युवाओं को ‘कॉल कारीगर’ ऐप पर पंजीयन कर सेवाएं उपलब्ध कराने का अवसर
==

            जिला कौशल समिति की  एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आईटीआई में अध्ययनरत एवं प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए ‘कॉल कारीगर’ ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई।

            बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा तकनीकी एवं घरेलू सेवाओं के लिए ‘कॉल कारीगर’ ऐप संचालित किया जा रहा है। संबंधित ट्रेड में दक्ष युवा ऐप पर पंजीयन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड  करा सकते हैं।

            कलेक्टर श्री यादव ने निर्देश दिए कि ऐप की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाई जाए। ‘कॉल कारीगर’ ऐप के माध्यम से इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, सीसीटीवी, होम क्लीनिंग, आरओ एवं एसी सर्विस जैसी सेवाओं से जुड़े इच्छुक एवं दक्ष युवा अपना पंजीयन कराकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए नजदीकी शासकीय आईटीआई केंद्र से संपर्क किया जा सकता है। बैठक में जिले की शासकीय आईटीआई में फायर मॉक ड्रिल से संबंधित कार्यों में नगर पालिका दमोह को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।
जनगणना कार्य को केवल शासकीय दायित्व नहीं, विकसित राष्ट्र निर्माण में सहभागिता मानकर करें : कलेक्टर श्री यादव
==
संवेदनशीलता, सटीकता और गुणवत्ता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के दिए निर्देश
==

            भारत की जनगणना के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के दो दिवसीय प्रशिक्षण की शुरुआत प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की उपस्थिति में आज स्थानीय ज्ञानचंद श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में हुई। प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय, भोपाल से आयीं प्रशिक्षक द्वय  सुश्री  दीपिका कुमारी एवं मोनू चौहान द्वारा   अनुविभागीय  जनगणना अधिकारी,  तहसीलदार ,चार्ज जनगणना अधिकारी, तकनीकी सहायकों सहित संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को जनगणना 2027 कार्य की परिचालन  प्रक्रिया, प्रशासनिक  अधिकारियों तथा लिपिकों का दायित्व सीएमएमएस पीई मॉड्यूल - गणना, ब्लॉक का गठन, ईबी किए्टर के माध्यम से उप -गणना, ब्लॉक का सीमांकन एवं ले-आउट , पीई मोबाइल एप्प संचालन स्वगणना पोर्टल  सहित अन्य विषयों पर  प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

            इस अवसर पर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण के लिए भविष्य की योजनाओं और विकास की रूपरेखा तैयार करने की आधारशिला है। इससे देश और समाज की वास्तविक स्थिति, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों तथा आवश्यकताओं की सटीक जानकारी प्राप्त होगी, जो क्षेत्र के समग्र विकास की योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार बनेगी।

            कलेक्टर श्री यादव ने कहा जनगणना कार्य के दौरान अधिकारी-कर्मचारी जनता के बीच धैर्य, मर्यादा, संवेदनशीलता और सहयोगपूर्ण व्यवहार रखें, ताकि प्रत्येक व्यक्ति से सही एवं पूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य को केवल शासकीय दायित्व के रूप में न लेते हुए विकसित राष्ट्र के निर्माण में अपनी सहभागिता के रूप में लें तथा पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ दायित्वों का निर्वहन करें।

            उन्होंने बताया कि जनगणना का निर्धारित गणना चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगा। इसके लिए अभी से प्रशिक्षण एवं मैदानी तैयारियों को व्यवस्थित रूप से पूरा किया जा रहा है।

पहली बार डिजिटल स्वरूप में होगा जनगणना कार्य

            प्रशिक्षण के दौरान बताया गया इस बार जनगणना कार्य में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। पूर्व में जनगणना का कार्य मुख्य रूप से मैन्युअल एवं कागजी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता था, जबकि इस बार मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल स्वरूप में जानकारी संकलित की जाएगी। प्रशिक्षण में अधिकारियों-कर्मचारियों को मोबाइल ऐप के संचालन, जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया तथा विभिन्न तकनीकी पहलुओं का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे मैदानी स्तर पर कार्य को सटीक, सुगम एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित किया जा सके।

            इसके पूर्व जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर राकेश मोहन ने जनगणना की रूपरेखा एवं कार्यप्रणाली से अधिकारियों को अवगत कराया।
पंचायत भवन के निर्माण से ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर शासकीय सुविधाएं - राज्यमंत्री श्री पटेल
==
जामसा में राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण
==

            विधानसभा क्षेत्र के दोनों विकासखंडों की ऐसी सभी ग्राम पंचायतों में, जहां स्वयं का पंचायत भवन नहीं था, वहां पंचायत भवन स्वीकृत कर निर्माण कार्य कराया गया है। प्रारंभिक सूची के बाद शेष बची तीन पंचायतों के लिए भी स्वीकृति दिलाकर भवन निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है। इसके साथ ही विधायक निधि एवं अन्य शासकीय योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में लगातार सामुदायिक भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा है। इस आशय के विचार प्रदेश के आनंद विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने ग्राम जामसा में नवनिर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण के दौरान व्यक्त किए ।

            राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

विकास कार्यों में जन-सहयोग जरूरी

            श्री पटेल ने कहा सरकार द्वारा जनहित में कठिन प्रयासों के बाद विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की जाती है। ऐसे में सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण में आमजन का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा अस्पताल, स्कूल सहित अन्य सार्वजनिक संस्थानों के निर्माण के लिए यदि गांव में ही उपयुक्त शासकीय अथवा निजी भूमि उपलब्ध कराने में सहयोग मिले, तो इन सुविधाओं का सीधा लाभ ग्रामीणों को मिल सकेगा।

            उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत भवन सहित अन्य विकास कार्यों के माध्यम से संचालित शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विगत 5 माह से 'A' ग्रेड प्राप्त कर रहे जिले में जनसमस्याओं के निराकरण में उदासीनता बर्दाश्त नहीं- कलेक्टर श्री यादव
==
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की बड़ी कार्रवाई
==
बटियागढ़ के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी दिनेश कुमार पटेल तत्काल प्रभाव से निलंबित
==

            सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज आमजन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की अनदेखी करने पर विकासखंड बटियागढ़ के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी दिनेश कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

विगत 5 माह से दमोह जिला 'A' ग्रेड पर कायम

            उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन एवं मैदानी अमले के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप जिला विगत 5 माह से लगातार राज्य स्तर पर सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग में 'A' ग्रेड प्राप्त कर रहा है। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

आवेदन खोलकर तक नहीं देखे, 10 केस 'Not Attended' छोड़े

            समीक्षा के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी (बटियागढ़) दिनेश कुमार पटेल द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज आवेदनों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था। प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के बजाय वे आवेदनों को बिना खोले ही 'Not Attended' श्रेणी में छोड़ रहे थे। चालू माह में भी उनके स्तर पर लगभग 10 शिकायतें बिना किसी कार्रवाई के 'Not Attended' पाई गईं।

अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी

            कलेक्टर श्री यादव के द्वारा दिए निर्देशों के बावजूद कार्यशैली में सुधार न परिलक्षित होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए यह निलंबन आदेश जारी किया गया है।

            उन्होने कहा सीएम हेल्पलाइन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है। अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ जनसमस्याओं का निवारण सुनिश्चित करें।
अवैध रूप से चार्जिंग करते पाये गये 12 इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रकरण दर्ज
==

            अधीक्षण अभियंता, म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि., दमोह के निर्देशन में आज दमोह जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की जांच हेतु सघन अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 12 इलेक्ट्रिक वाहन अवैध रूप से चार्ज होते हुए पाये गये।

            जांच के दौरान यह देखा गया कि संबंधित उपयोगकर्ताओं द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का पालन किए बिना विद्युत ऊर्जा का उपयोग कर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की जा रही थी। अनाधिकृत रूप से विद्युत उपयोग पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही पंचनामा तैयार कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई। विभाग की इस कार्यवाही से अवैध रूप से इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग करने वालों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।

            अधीक्षण अभियंता दमोह ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षित एवं वैधानिक चार्जिंग व्यवस्था सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। विद्युत वितरण प्रणाली पर अनावश्यक भार तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी जोखिमों को रोकने के लिए विभाग द्वारा जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति अथवा निर्धारित प्रावधानों के विपरीत विद्युत ऊर्जा का उपयोग करना विद्युत अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय है तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्यवाही की जाती है।

            उन्होंने जिले के समस्त इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे अपने वाहनों की चार्जिंग केवल अधिकृत एवं निर्धारित चार्जिंग स्टेशनों अथवा स्वीकृत विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही करें। यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा का उपयोग कर वाहन चार्ज करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध विद्युत अधिनियम एवं शासन के प्रचलित नियमों के अनुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी संबंधित उपयोगकर्ता की होगी।

            अधीक्षण अभियंता दमोह ने यह भी बताया कि म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि., दमोह द्वारा संपूर्ण जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग संबंधी जांच एवं निगरानी अभियान निरंतर जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य विद्युत ऊर्जा के वैधानिक उपयोग को बढ़ावा देना, विद्युत हानि को रोकना तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करना है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे विद्युत चोरी एवं अवैध विद्युत उपयोग की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराकर विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहयोग प्रदान करें।
https://www.facebook.com/share/r/18hnUF75NE/
6 अक्टूबर को कृमिनाशन दिवस - स्वस्थ बचपन के लिए जिलेभर में अभियान
=
कृमि से बचाव, स्वस्थ जीवन की ओर कदम
==
6.16 लाख से अधिक हितग्राहियों तक पहुंचेगी कृमिनाशन की सेवा
==

            जिले में 6 अक्टूबर को कृमिनाशन दिवस के अवसर पर जिले भर में कृमिनाशन अभियान आयोजित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के समन्वित सहयोग से अभियान के तहत 6 लाख 16 हजार 931 लक्षित हितग्राहियों तक कृमिनाशन की सेवा पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने बताया अभियान का उद्देश्य कृमि संक्रमण से बचाव के साथ बच्चों एवं समुदाय के स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता को बढ़ावा देना है।

            जिला कृमिनाशन नोडल अधिकारी डॉ. विक्रांत चौहान ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों एवं छात्रावासों में प्रशिक्षित शिक्षकों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में एल्बेंडाजोल का सेवन कराया जाएगा। अभियान की गतिविधियों की निगरानी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले द्वारा की जाएगी।

            अभियान के अंतर्गत 5 लाख 31 हजार 617 बच्चे एवं किशोर-किशोरियां तथा 85 हजार 314 प्रजनन आयुवर्ग की गैर-गर्भवती महिलाएं शामिल हैं।
जो पात्र हितग्राही छूट गया, उसे प्रधानमंत्री आवास का लाभ जरूर मिलना चाहिए - विधायक श्री मलैया
==
केवल हितलाभ देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आमजन का विश्वास जीतना भी जरूरी - कलेक्टर श्री यादव
==
सेवा सेतु शिविर में 18 विभागों की योजनाओं का मिला लाभ,
==
 110 हितग्राहियों को ₹51.42 लाख के हितलाभ वितरित
===

            सेवा सेतु अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन और शासन-प्रशासन के बीच की दूरी को समाप्त करना है, ताकि नागरिक एक ही मंच पर अपनी समस्याएं रख सकें और शासन-प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उनकी बात सुनकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर सकें। अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन को अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सम्मानपूर्वक, समय पर और पारदर्शी तरीके से दिलाना सुनिश्चित किया जा रहा है।

            सेवा सेतु शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 18 विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं के लगभग 110 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। इस दौरान कुल ₹51 लाख 42 हजार की राशि के हितलाभ प्रदान किए गए।

            दमोह विधायक जयंत मलैया ने कहा क्षेत्र में ऐसी कई बहनें और परिवार हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नही मिला उनको भी लाभान्वित किया जायेगा। उन्होंने सेवा सेतु अभियान के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की बात कही।

            कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा केवल हितलाभ देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आमजन का विश्वास जीतना भी जरूरी है। उन्हें यह भरोसा होना चाहिए कि शासन-प्रशासन में उनकी बात सुनी जाती है और उनकी समस्या का समाधान किया जाता है। उन्होंने कहा आमजन के लिए केवल कार्यालय, पद, नियम अथवा प्रक्रिया महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसे मिलने वाली सेवा, सम्मान और उसकी समस्या के समाधान का वास्तविक महत्व है।

            उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से कहा सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य केवल काउंटर लगाकर आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक आवेदन का प्रभावी निराकरण करना है। अधिकारियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कानून के दायरे में पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाना चाहिए, ताकि आमजन के बीच शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।

            कलेक्टर ने कहा कई बार शासन की योजनाएं फाइलों तक सीमित रह जाती हैं, जबकि उनका वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। ऐसे अभियानों के माध्यम से प्रशासन की संवेदनशीलता और सक्रियता योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा किसी एक समस्या का प्रभावी निराकरण भी आमजन के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकता है।

            उन्होंने स्ट्रीट वेंडर योजना का उदाहरण देते हुए कहा कोविड काल में अनेक लोगों को ₹10 हजार से ₹15 हजार तक के छोटे ऋण उपलब्ध कराए गए थे। विषम परिस्थितियों में यह राशि उनके लिए बेहद उपयोगी साबित हुई और उन्हें अपने जीवन-यापन का सहारा मिला। उन्होंने कहा शासन की छोटी-सी सहायता भी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।

            कलेक्टर श्री यादव ने अधिकारी-कर्मचारियों से कहा कि वे सेवा को अपना संकल्प बनाएं। उन्होंने कहा कि आमजन की सेवा करना केवल शासकीय दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी भी है। “नर सेवा ही नारायण सेवा है” की भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सेवा सेतु अभियान की वास्तविक सफलता होगी।

            इस अवसर पर रमन खत्री, संजय सेन, महेश पटेल, रामेश्वर चौधरी ने भी शासन की योजनाओ और संकल्प सेवा अभियान के संबंध में अपनी बात विस्तार से रखी।

            सीएमओ राजेन्द्र सिंह लोधी ने कहा शिविर में मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को 10 वर्षों की अवधि के लिए मत्स्य पट्टे प्रदान किए गए। वहीं लाड़ली बहना योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से दिव्यांग पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

            उन्होने कहा नगरपालिका दमोह द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत 30 हितग्राहियों को प्रथम किस्त के रूप में ₹30 लाख की राशि आवंटित की गई तथा हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र जारी किए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स योजना के हितग्राहियों को भी योजनांतर्गत लाभ प्रदान किया गया। श्री लोधी ने कहा सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सहज और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
गाँव में ही मिलेगी बेहतर और नि:शुल्क इलाज की सुविधा- राज्यमंत्री श्री पटेल
===
राज्य मंत्री श्री पटेल ने ग्राम पिपरौधा (सकतपुर) में किया आयुर्वेदिक अस्पताल भवन (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का लोकार्पण
====

            ग्राम पिपरौधा में शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) भवन का भव्य लोकार्पण प्रदेश के आनंद विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों को इस नई स्वास्थ्य सुविधा की बधाई व शुभकामनाएं दीं।  इस अवसर पर भगवान धन्वंतरि जी, मां सरस्वती जी के पूजन और भवन का फीता काटकर करीब 46 लाख की लागत से बनाया गए अस्पताल भवन क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया।

            आरोग्य मंदिर के शुरू हो जाने से ग्राम पिपरौधा सकतपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब अपने गाँव में ही बेहतर इलाज और नि:शुल्क दवाइयों की सुविधा मिलेगी। यहाँ पूर्व से ही चिकित्सक पदस्थ हैं, जो पहले किराए या अस्थाई जगह पर क्लिनिक चला रहे थे, लेकिन अब सर्वसुविधायुक्त नए भवन में क्लिनिक और स्वास्थ्य सेवाएँ विधिवत प्रारंभ हो जाएँगी। इस आशय के विचार प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल ग्राम पिपरौधा (सकतपुर) में 46 लाख की लागत से नव-निर्मित आयुर्वेदिक अस्पताल भवन (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का लोकार्पण के दौरान व्यक्त किए।

निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयों से मिलेगा बड़ा लाभ

            राज्यमंत्री श्री पटेल ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध औषधियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विभिन्न प्रकार के उच्च गुणवत्ता वाले आयुर्वेदिक चूर्ण और दवाइयाँ नि:शुल्क वितरण के लिए उपलब्ध हैं। जो दवाइयाँ लोग बाजार से ₹200 से ₹300 में खरीदते हैं, वे यहाँ आम जनता को मुफ़्त प्रदान की जाएँगी। इससे स्थानीय नागरिकों व मरीजों को आर्थिक राहत के साथ-साथ सुलभ स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।

जमीन दानदाता मुन्ना दाऊ के प्रति व्यक्त किया आभार

            कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने भूमिदाता मुन्ना दाऊ का विशेष रूप से स्मरण करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि गाँव में सरकारी जमीन उपलब्ध न होने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था, लेकिन श्री मुन्ना दाऊ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अस्पताल निर्माण हेतु अपनी व्यक्तिगत भूमि दान दी। मंत्री श्री पटेल ने इस जनहितैषी कार्य के लिए मुन्ना दाऊ और उनके पूरे परिवार की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।

            गौरव पटेल ने कहा यह अस्पताल देश की पुरातन एवं प्राचीन आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को जीवित रखने और आमजन तक इसका लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा अस्पताल में लोगों को विभिन्न प्रकार के आसन एवं योग संबंधी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कम खर्च में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
वृक्षारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
===
शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय में सेवा संकल्प के तहत हुआ आयोजन
 <nis:link nis:type=tag nis:id=सेवा_संकल्प_अभियान nis:value=सेवा_संकल्प_अभियान nis:enabled=true nis:link/>
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज,
===
 जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण 5 एवं 6 अक्टूबर को
===

                 जनगणना 2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या की गणना का कार्य फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। जनगणना कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से दमोह जिले में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।

            अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी राकेश मोहन त्रिपाठी जिला दमोह द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रशिक्षण 5 एवं 6 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। प्रशिक्षण का आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस ज्ञानचंद श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऑडिटोरियम, दमोह में किया गया है।

            प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, समस्त अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, समस्त चार्ज अधिकारी (ग्रामीण/नगरीय), अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी, समस्त जनगणना लिपिक (जिला/चार्ज स्तर) एवं समस्त तकनीकी सहायक (जिला/चार्ज स्तर) शामिल होंगे।

            श्री त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करें। यह प्रशिक्षण जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के कार्य को समय-सीमा में व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
डोली गांव में स्वामित्व योजना के तहत आयोजित हुआ शिविर
===
            स्वामित्व योजना के तहत राजस्व विभाग द्वारा डोली गांव स्थित CSC सेंटर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नायब तहसीलदार शिवराम चढ़ार ने पहुंचकर ग्रामीणों एवं किसानों को स्वामित्व योजना की जानकारी दी तथा योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री संबंधी आवेदन प्राप्त किए।

            शिविर के दौरान किसानों एवं ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। संबंधित योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र हितग्राहियों से आवश्यक आवेदन भी लिए गए।

            नायब तहसीलदार शिवराम चढ़ार ने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की।
सेवा सेतु का उद्देश्य आमजन और शासन-प्रशासन के बीच की दूरी समाप्त करना - कलेक्टर श्री यादव
===

             ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मानस भवन में नगरीय क्षेत्र के लिए ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के सभी नगरीय निकायों में भी सेवा सेतु कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की समस्याओं को सुना गया और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।

            कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा सेवा सेतु कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन और शासन-प्रशासन के बीच की दूरी को समाप्त करना है। लोगों को एक मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, जहां वे अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकें और उनका तत्परता, सजगता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित हो।

            उन्होंने कहा शासन की मंशा प्रशासन को अधिक जवाबदेह और संवेदनशील बनाने की है, ताकि आमजन की दैनिक एवं स्थायी समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके। योजनाओं का लाभ केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि वास्तविक जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचकर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देना चाहिए।

नगरपालिका तंत्र को और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनने की आवश्यकता

            कलेक्टर श्री यादव ने नगरीय निकाय प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए नगरपालिका प्रशासन को और अधिक सक्रियता, मेहनत और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दूसरी एवं तीसरी किश्त से संबंधित प्रकरणों, पात्र हितग्राहियों के सर्वे, शहर में स्वच्छता तथा समय पर पेयजल उपलब्ध कराने जैसी समस्याओं का उल्लेख करते हुए इनके प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया।

            उन्होंने कहा नगरीय निकाय यह सुनिश्चित करें कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले तथा स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत नागरिक सेवाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान हो। सेवा सेतु कार्यक्रम शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासन को जनहित के प्रति अधिक संवेदनशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

 <nis:link nis:type=tag nis:id=सेवा_संकल्प_अभियान nis:value=सेवा_संकल्प_अभियान nis:enabled=true nis:link/>
सूचना तंत्र को और मजबूत करने की जरूरत, घटनाओं से पहले समाधान पर जोर- कलेक्टर श्री यादव
==
गौवंश की रक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, चौकी प्रभारी सहित एक पुलिसकर्मी निलंबित
==
बंद 26 कैमरे कराए गए चालू, चौकी पर 5 पुलिसकर्मियों की तैनाती
==
गौवंश संरक्षण को लेकर त्वरित कार्रवाई, स्थाई पुलिस चौकी के लिए शासन को भेजा प्रस्ताव
====

             गौवंश की रक्षा को लेकर आमजन द्वारा दिए गए ज्ञापन के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यवस्थाओं को मजबूत किया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा ज्ञापन के माध्यम से सामने आई शिकायतों और मांगों पर प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई तत्काल कराई गई है।

            कलेक्टर श्री यादव ने कहा संबंधित चौकी प्रभारी एवं उनके सहयोगी को पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल निलंबित किया गया है। वहीं चौकी क्षेत्र में कैमरे बंद होने की जानकारी सामने आने के बाद सभी 26 कैमरे चालू करा दिए गए हैं।

            उन्होंने कहा पुलिस चौकी को स्थाई चौकी के रूप में विकसित करने के लिए शासन से मांग की गई है, ताकि क्षेत्र में स्थाई पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। फिलहाल तात्कालिक व्यवस्था के तहत 5 पुलिसकर्मियों की पदस्थापना कर ड्यूटी लगाई गई है। उन्हें लगातार गश्त करने तथा नियमित रूप से क्षेत्र की निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़क पर मांस विक्रय की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई

            कलेक्टर ने कहा सड़क पर मांस विक्रय की शिकायतों पर कल भी कार्रवाई की गई थी। आज पुनः टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी तथा आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इसका उद्देश्य शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित करना और ऐसी स्थिति दोबारा निर्मित होने से रोकना है।

अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई

            अतिक्रमण के संबंध में कलेक्टर ने कहा नगरपालिका द्वारा संबंधित पक्षों को विधिवत नोटिस देने और सीमांकन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्धारित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है। अन्य अतिक्रमणों की सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं। इन मामलों में सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन एवं निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

            कलेक्टर ने कहा प्रशासन के सूचना तंत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं या परिस्थितियों के निर्मित होने से पहले ही उनकी जानकारी प्राप्त हो सके और चर्चा एवं समन्वय के माध्यम से समय रहते उनका निराकरण किया जा सके।
जनविश्वास अभियान शिविर से पात्र हितग्राहियों को मिलेगा शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ- जनपद अध्यक्ष श्रीमती ठाकुर
विकसित भारत' का लक्ष्य तभी पूरा हो सकेगा, जब अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज का अंतिम व्यक्ति सशक्त होकर मुख्यधारा से जुड़ेगा और कदम से कदम मिलाकर चलेगा - सांसद श्री लोधी
विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं से हर वर्ग का हो रहा सर्वांगीण विकास - विधायक श्री मलैया
जबेरा में “सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित
==

            जनपद सभागार भवन जबेरा में “सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी शामिल हुए। इस दौरान शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित कर लाभान्वित किया गया।

            कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विभिन्न जनसेवा एवं जनकल्याणकारी कार्य आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में स्थापित करने के संकल्प की दिशा में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

            कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और आवेदनों का निराकरण भी किया गया।
प्रदेश के संस्कृति राज्यमंत्री एवं आनंद विभाग राज्यमंत्री द्वय 04 अक्टूबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण पर रहेंगे
====

            प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी 04 अक्टूबर 2026 प्रात: 11 बजे नोहटा से प्रस्थान कर तेन्दूखेड़ा पहुंचेंगे। राज्यमंत्री श्री लोधी दोपहर 12 बजे नगर परिषद तेन्दूखेड़ा में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत "सेवा सेतु" अभियान में सहभागिता करेंगे। आप अपरान्ह 1 बजे तेन्दूखेड़ा से नोहटा के लिये रवाना होंगे।

            इसी प्रकार प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटैल 04 अक्टूबर 2026 दोपहर 12.30 बजे दमोह से ग्राम पिपरौधा (सकतपुर) के लिये प्रस्थान करें और अपरान्ह 1 बजे ग्राम पिपरौधा में नवनिर्मित आयुष पंचायत भवन का लोकापर्ण करेंगे। राज्यमंत्री श्री पटैल अपरान्ह 2.30 बजे ग्राम हरदुआ जामशा में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकापर्ण करेंगे। आप अपरान्ह 3.30 बजे ग्राम हरदुआ जामशा से दमोह के लिये प्रस्थान करेंगे ।
हिनोता कला में ‘सेवा सेतु अभियान- आपके द्वार’ विकासखंड स्तरीय शिविर आयोजित
====

            हटा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत हिनोता कला में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान - सरकार आपके द्वार’ विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, हटा विधायक उमा देवी खटीक, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम पटेल सहित गोपाल पटेल उपस्थित रहे।

            शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान मंच से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ एवं प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया गया।
जनविश्वास अभियान से हर पात्र नागरिक तक पहुँच रहा योजनाओं का लाभ- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति पटेल
वन्य प्राणी सप्ताह के तहत मडियादो बफर प्रबंधन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम
==
बाइक रैली, आदिवासियों ने दी पारम्परिक प्रस्तुतियां
सोयाबीन भावांतर योजना अंतर्गत 3 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक ई उपार्जन पोर्टल पर होंगे पंजीयन
==
 जिले में 23 पंजीयन केंद्रों का किया गया निर्धारण
=
जिला उपार्जन समिति एवं योजना क्रियान्वयन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार कलेक्टर प्रताप नारायण यादव द्वारा सोयाबीन भावांतर योजना अंतर्गत जिले में निशुल्क पंजीयन हेतु 23 पंजीयन केंद्र निर्धारण किए जाने हेतु आदेश जारी किया गया है । किसान बंधु 03 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित पंजीयन केद्रों में निशुल्क पंजीयन करा सकेंगे।
औषधि दुकानों का सघन निरीक्षण, NRx, MTP किट एवं कोडीन फॉस्फेट युक्त दवाओं के रिकॉर्ड की जांच
==
           कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशानुसार औषधि निरीक्षक महिमा जैन द्वारा दमोह शहर में संचालित दवा दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से NRx श्रेणी की दवाइयों, गर्भपात में उपयोग होने वाली MTP किट तथा कोडीन फॉस्फेट घटक युक्त दवाइयों के क्रय-विक्रय अभिलेखों की जांच की गई।
         इस दौरान टंडन बगीचा स्थित दवा बाजार में संचालित मेसर्स रामाकेम एवं मेसर्स रामगोपाल अग्रवाल मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान ड्रग लाइसेंस की वैधता, उपलब्ध NRx दवाइयों के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, MTP किट तथा कोडीन फॉस्फेट युक्त सिरप के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों की सघनता से जांच की गई। शेष आवश्यक दस्तावेज तीन दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
                  निरीक्षण के दौरान तीन दवाइयों के नमूने जांच हेतु लिए गए, जिन्हें शासकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। थोक दवा विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि दवाओं का विक्रय केवल वैध लाइसेंसधारी विक्रेताओं को ही किया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 एवं नियमावली, 1945 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी निरीक्षण के दौरान सभी केमिस्टों को HFR एवं HPR ID बनाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सुखद जीवन की नींव है-राज्यमंत्री श्री लोधी

 'सेवा संकल्प / स्वच्छता अभियान' के तहत खेर माता मंदिर परिसर स्थित घाटों पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया